हैकरों के एक समूह ने दिल्ली यातायात पुलिस की वेबसाइट तक पहुंच हासिल करने का दावा किया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि मिली जानकारी के अनुसार ‘किलसेक’ नामक हैकरों के समूह ने अपने टेलीग्राम चैनल पर पोस्ट किए गए संदेश में दिल्ली यातायात पुलिस की वेबसाइट तक पहुंच और चालान की स्थिति को बदलकर “भुगतान किए जा चुके” करने की क्षमता हासिल करने का दावा किया।
संदेश के अनुसार समूह ने यातायात उल्लंघन की संदर्भ संख्या समेत संबंधित जानकारी साझा करने पर उल्लंघनकर्ताओं को अपने चालान की स्थिति बदलकर “भुगतान किया जा चुका” करने का अवसर दिया।
पुलिस ने कहा कि दूसरे संदेश में, समूह ने दावा किया कि उसने दिल्ली पुलिस की वेबसाइट में सेंध लगाई है और तस्वीरों को छोड़कर वह सारा डेटा हासिल कर लिया है, जो वे कर सकते हैं।
पुलिस ने कहा कि यातायात पुलिस की वेबसाइट राष्ट्रीय सूचना केंद्र (एनआईसी) के तहत चलती है और उसे मामले की जानकारी दी जा चुकी है।
पुलिस ने कहा कि एनआईसी रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। जांच शुरुआती स्तर पर है, इसलिए फिलहाल ठीक-ठीक यह तय कर पाना संभव नहीं है कि वेबसाइट पर सेंध लगाई गई है या नहीं।


