अयोध्या, लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 से सम्बन्धित प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है और जनपद अयोध्या में पाँचवें व छठवें चरण में मतदान होना निश्चित है। जिसके दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने आगामी चुनाव में विगत चुनावों की तुलना में मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु मतदाताओं को जागरूक करने के लिए ‘‘अद्भुत अयोध्या’’ के नाम से ‘स्वीप’ अभियान में मुख्य विकास अधिकारी को और तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि “अद्भुत अयोध्या स्वीप अभियान” के तहत वृहद स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करें तथा अधिक से अधिक नागरिकों को जागरूक कर मतदान हेतु प्रेरित किया जाय।
उन्होंने कहा कि जनपद में पुनः सर्वे कराकर यह देख लिया जाय कि मतदान हेतु अपेक्षित आयु प्राप्त कर चुके सभी लोगों के मतदाता पहचान-पत्र बन गये हैं और उन्हें प्राप्त हो गये हैं अथवा नहीं? और किसी भी मतदाता को मतदाता पहचान-पत्र प्राप्त न होने की स्थिति में उन्हें तत्काल उपलब्ध कराया जाय।
इसी के साथ ही इस बात पर भी ध्यान दिया जाय कि विगत चुनावों में मतदान का प्रतिशत क्या रहा है और किस-किस क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत कम रहा है? जहाँ पर मतदान प्रतिशत कम रहा है, वहाँ पर यह भी देखना आवश्यक है कि किन कारणों से मतदान प्रतिशत कम रहा है, उस बिन्दु पर विशेष रूप से फोकस करते हुए मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतु कार्य किया जाय।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि मतदाता पर्ची भी समय से तैयार करा ली जाय और मतदाताओं में उसका वितरण भी समय से सुनिश्चित करा लिया जाय।
इसके अलावा स्वीप कार्यक्रम से सम्बन्धित एक बुकलेट भी तैयार करा ली जाय और इसे बी0एल0ओ0 को दे दी जाय ताकि तदनुसार मतदाताओं को जागरूक करने का कार्य और बेहतर ढंग से कर सकें और मतदान प्रतिशत में बढ़ोत्तरी भी हो सके।


