अयोध्या, रामनगरी अयोध्या में नकली खाद्य तेल के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। फॉर्चून रिफाइंड तेल के नाम पर डुप्लीकेट उत्पाद बेचे जाने की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
मिली जानकारी के अनुसार, फॉर्चून रिफाइंड के सेल्स मैनेजर ने कोतवाली नगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि बाजार में कंपनी के नाम से नकली तेल बेचा जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वजीरगंज क्षेत्र स्थित एक गोदाम पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में नकली तेल बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि मौके से लगभग 500 से अधिक पेटियां डुप्लीकेट फॉर्चून रिफाइंड तेल की मिली हैं। इन पेटियों पर कंपनी की ब्रांडिंग का इस्तेमाल कर ग्राहकों को गुमराह किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस की छापेमारी कार्रवाई जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस मामले में जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा और उपभोक्ता हितों से जुड़े इस मामले ने स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थों की जांच और सख्त की जाएगी, ताकि इस तरह के फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सके।




