अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के कारण 22 जनवरी को देश भर में केंद्र सरकार के सभी कार्यालय आधे दिन के लिए बंद रहेंगे। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।.
राम मंदिर के गर्भगृह में राम लला की नई मूर्ति का ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह सोमवार को निर्धारित है। यह समारोह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाना तय है।
उद्घाटन को लेकर जोर-शोर से चल रही तैयारियों के बीच केंद्र की मोदी सरकार ने गुरुवार (18 जनवरी) को बड़ा ऐलान किया. केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी को आधे दिन के लिए सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे. उन्होंने कहा कि भारी जनभावनाओं को देखते हुए ये फैसला लिया गया है।
सरकार ने अपने आदेश में कहा, ”अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को पूरे भारत में मनाई जाएगी. कर्मचारियों उत्सव में भाग ले सकें इसके लिए यह निर्णय लिया गया है कि पूरे भारत में सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालय, केंद्रीय संस्थान और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठान 22 जनवरी 2024 को दोपहर दो बजकर 30 मिनट तक आधे दिन के लिए बंद रहेंगे।


