बैंकॉक, थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक स्थित एक प्रमुख तेल प्रतिष्ठान में बृहस्पतिवार को हुए विस्फोट और आग लगने की घटना में कम से कम नौ लोग घायल हो गए तथा आसपास के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा।
बैंकॉक स्थित ‘इरावन मेडिकल सेंटर’ के अनुसार, घायलों में से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में पूर्वी बैंकॉक के एक इलाके में स्थित इस संयंत्र से धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया।
🚨 🇹🇭 #BREAKING : A massive explosion and fire erupted at the Bangchak oil refinery in Bangkok, Thailand, injuring at least 7 people, 4 critically. pic.twitter.com/1hYfZPqROS
— Silent Observer (@YousufPash69914) November 26, 2026
बैंकॉक के निवासियों को मोबाइल फोन पर भेजे गए एक अलर्ट में कहा गया कि यह घटना अपराह्न लगभग तीन बजे हुई और लोगों को उस इलाके में जाने से बचने की सलाह दी गई। बैंकॉक नगर प्रशासन ने एक घंटे से भी कम समय बाद सूचना दी कि आग पर काबू पा लिया गया है।
इस शोधन और भंडारण संयंत्र की स्वामित्व वाली कंपनी ‘बांगचाक कॉरपोरेशन’ ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए आग की घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बाद में कहा कि आसपास के निवासी अपने घर लौट सकते हैं, लेकिन उन्होंने संयंत्र के पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को वायु प्रदूषण के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
ऊर्जा मंत्री अकानत प्रोमफान ने कहा कि आग रिफाइनरी की एक इकाई में लगी, जो तेल भंडारण स्थल से करीब 100 मीटर दूर है। उन्होंने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे कि अब कोई और खतरा नहीं है।
प्रतिदिन 1,20,000 बैरल की क्षमता वाला यह शोधन संयंत्र थाईलैंड की पांचवीं सबसे बड़ी रिफाइनरी है और शहरी क्षेत्र में स्थित देश की एकमात्र ऐसी इकाई है।
इससे पहले जुलाई 2012 में भी इस रिफाइनरी में हुए विस्फोट और आग से पास के रिहायशी इलाके में नुकसान हुआ था।