रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने लगातार दूसरी रात बड़े पैमाने पर हुए हमलों के दौरान यूक्रेन के 1,400 से अधिक ड्रोन मार गिराए।
वहीं, यूक्रेन की सेना ने लगातार दूसरे दिन रूस और क्रीमिया प्रायद्वीप को जोड़ने वाले एक अहम रेल एवं सड़क पुल को निशाना बनाया।
इस बीच, रूस की सेना ने कीव को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। इसमें यूक्रेन की राजधानी के दो प्रमुख पुलों को निशाना बनाया गया और कम से कम दो लोगों की मौत हो गई।
हवाई हमलों में यह स्पष्ट वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब रूस और यूक्रेन, युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से अमेरिका की मध्यस्थता में होने वाली अगले दौर की बातचीत के लिए तैयार हैं। यह युद्ध 24 फरवरी, 2022 को रूस के अपने पड़ोसी देश पर व्यापक हमले के साथ शुरू हुआ था।
रूस ने सोमवार को कहा कि उसने 1,336 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए जो युद्ध के दौरान अब तक की सबसे अधिक संख्या है। इसके अगले दिन मंगलवार को रूस ने दावा किया कि उसने 1,441 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।
सोमवार को यूक्रेन ने विशाल केर्च पुल को भी निशाना बनाया था। यह पुल रूस से क्रीमिया तक सैन्य और नागरिक आपूर्ति पहुंचाने का एक अहम मार्ग है। यह 2014 में प्रायद्वीप पर रूस के अवैध कब्जे का एक प्रमुख प्रतीक भी है। अधिकारियों ने कहा था कि हमले से पुल को मामूली नुकसान हुआ।
हालांकि, अपुष्ट मीडिया खबरों में कहा गया कि मंगलवार को पुल पर दोबारा किए गए हमले में उसकी दो मेहराबों में से एक को गंभीर नुकसान पहुंचा। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) पुल के एक हिस्से के ढहने की खबरों की तुरंत पुष्टि नहीं कर सका।
रूस द्वारा नियुक्त क्रीमिया के गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने कहा कि पुल पर यातायात रोक दिया गया है। उन्होंने लोगों से ‘‘पुल की दिशा में यात्रा करने से बचने’’ की अपील की। हालांकि, उन्होंने पुल को हुए किसी नुकसान का जिक्र नहीं किया।