अमेरिका के कुछ सबसे बड़े बैंकों के ग्राहकों ने सोमवार को खातों के ऑनलाइन संचालन में कथित व्यवधान की शिकायत की।
वेबसाइट डाउनडिटेक्टर डॉट कॉम के अनुसार, उपयोगकर्ताओं ने बैंक ऑफ अमेरिका, चेज, जे.पी. मॉर्गन, यूएस बैंक और वेल्स फार्गो जैसे बैंकों को ठप या व्यवधान का सामना कर रही सेवाओं की सूची में शामिल किया।
ये शिकायतें माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में शुक्रवार को आई बड़ी तकनीकी खराबी के बाद सामने आई हैं। यह खराबी कई घंटों तक रही और इससे आउटलुक, टीम्स तथा एआई असिस्टेंट कोपायलट सहित कई सेवाएं प्रभावित हुई थीं।
चेज बैंक के कुछ ग्राहकों को एक संदेश मिला, जिसमें कहा गया था, ‘‘कुछ सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। हम इन्हें ठीक करने में जुटे हैं। कृपया बाद में फिर से प्रयास करें।’’
इस बीच, चेज बैंक के प्रवक्ता ने कहा कि उसकी सेवाओं में तकनीकी खराबी आई है, यह साइबर हमले से जुड़ी समस्या नहीं है।
चेज के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘तकनीकी समस्या के कारण कुछ लेनदेन पूरे होने में सामान्य से अधिक समय लग रहा है, लेकिन ग्राहकों की अपने खातों तक पहुंच बनी हुई है। हम इस समस्या को जल्द से जल्द दूर करने के लिए काम कर रहे हैं।’’