हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक कार के डिवाइडर से टकराने के कारण उसमें सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की मौत हो गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (बिलग्राम) राम सूरत सोनकर ने बताया कि प्रयागराज जा रहे परिवार की कार दोपहर करीब एक बजे सांडी थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।उन्होंने बताया कि सौरभ उपाध्याय (38) और उनकी पत्नी मेनका उपाध्याय (36) की मौके पर ही मौत हो गई।
सोनकर के मुताबिक, दुर्घटना में दंपति के दोनों बच्चे शिओम (सात) और ब्योम (तीन) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि शिओम ने बिलग्राम के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि ब्योम की हरदोई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
सोनकर ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।