जालौन जिले में सोमवार को जवारे विसर्जन के लिए मंदिर जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली के पलटने से महिलाओं और बच्चों सहित करीब 20 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि यह दुर्घटना कोतवाली क्षेत्र के साधुपुर और कनासी गांवों के बीच कच्चे रास्ते पर उस समय हुई जब चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर से नियंत्रण खो दिया।
उन्होंने बताया कि ये श्रद्धालु नदिगांव थाना क्षेत्र के कैलिया खुर्द गांव निवासी गया प्रसाद जाटव के परिजन और रिश्तेदार थे और ‘जवारे’ विसर्जन के लिए मंदिर जा रहे थे। अधिकारी ने बताया कि ट्रॉली में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे सवार थे।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को एम्बुलेंस तथा अन्य वाहनों से कोंच स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
उप-जिलाधिकारी अभिनव कुमार भी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने अनुसार घायलों में कैलिया खुर्द निवासी शारदा, इंदल सिंह, दीपराज, लवलेश, अनुष्का, मालती, हर्षित, मुस्कान, पूनम जाटव और प्रगति शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि भिटोरा के रहने वाले अन्नू (7), पूजा, अलका और सुमित का भी इलाज किया जा रहा है।
जवारा विसर्जन एक धार्मिक प्रक्रिया है जिसमें नवरात्र के दौरान बोए गए जौ या अन्य अनाजों को त्योहार के आखिरी दिन किसी नदी, तालाब या अन्य जलस्रोत में विसर्जित किया जाता है।
प्रकरण की सूचना पर थाना नदीगांव पुलिस द्वारा मौके पर पहुँचकर घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है एवं मौके पर यातायात एवं शान्ति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है ।
— JALAUN POLICE (@jalaunpolice) October 19, 2026