अंबेडकरनगर में शुक्रवार सुबह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। जैतपुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 85 के पास अंबरपुर टोल प्लाजा के निकट वोल्वो बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही थी। शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे जैतपुर थाना क्षेत्र में बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद कई यात्री बस में फंस गए। राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला। कुछ यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद भी ली गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है, हालांकि हादसे का वास्तविक कारण अभी जांच का विषय है। पुलिस ने मृतकों की पहचान और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में एक मृतक की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी बताई गई है।