अयोध्या, दुर्गा पूजा और रामलीला उत्सव शुरू होने में अब करीब 10 दिन का समय शेष रहने के बीच केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति, जनपद अयोध्या के पदाधिकारियों ने तैयारियों को लेकर चिंता जताई है।
समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल के समक्ष पदाधिकारियों, विभाग प्रमुखों और जोनल प्रमुखों ने विभिन्न सरकारी विभागों के स्तर पर कई जरूरी कार्य अब तक पूरे नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि दुर्गा प्रतिमाओं को पंडालों तक पहुंचाने में करीब आठ दिन और रामलीलाओं के शुभारंभ में लगभग एक सप्ताह ही शेष है। ऐसे में संबंधित विभागों के साथ तैयारियों को लेकर बैठक नहीं हो पाने से कई काम लंबित हैं। समिति ने इन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की आवश्यकता जताई है।
पदाधिकारियों के मुताबिक नाका बाईपास से चौक घंटाघर तक मुख्य मार्ग पर विद्युत पोलों के स्थानांतरण का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। इसके अलावा सीवर लाइन से जुड़े कार्य भी चल रहे हैं। समिति ने विद्युत ट्रांसफार्मरों की ओवरहालिंग, तारों की कसाई और जरूरत के अनुसार तारों को ऊंचा करने का काम भी जल्द पूरा कराने की मांग की है।
मुख्य मेला मार्गों पर पेड़ों की कटाई-छंटाई, नगर निगम से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्य और बड़े नालों से सिल्ट निकालने जैसे कार्य भी समिति के अनुसार अभी बाकी हैं। पदाधिकारियों ने नालों में पानी के ठहराव की समस्या दूर करने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही विसर्जन घाट के निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू कराने की मांग उठाई गई है।
समिति के प्रवक्ता केशव बिगुलर के अनुसार, समय कम होने के कारण सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि बैठक में संयोजक गगन जायसवाल, राजेश गौड़, तारकेश्वर शर्मा तथा जोनल प्रमुख अतुल सिंह, अखिलेश पाठक, बजरंगी साहू, चंदन गुप्ता, दीपक गौतम, अमित कनौजिया, पवन कुमार निषाद, विशाल गुप्ता वासू और तरुण कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।