सहारनपुर, जिला महिला अस्पताल से सोमवार को एक नवजात शिशु के चोरी होने का मामला सामने आया है। प्रसव के कुछ ही घंटे बाद एक अज्ञात महिला ने टीका लगवाने के बहाने नवजात को उसके पिता से अपनी गोद में लिया और उसे लेकर अस्पताल से बाहर निकल गई।
घटना की सूचना मिलते ही जनकपुरी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध महिला की तस्वीर CCTV कैमरे में कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम ने अपनी पत्नी शबाना को प्रसव के लिए रविवार को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे शबाना ने एक बेटे को जन्म दिया। सोमवार दोपहर नाजिम नवजात को टीका लगवाने के लिए ऑपरेशन थिएटर के पास लेकर पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक महिला ने खुद को अस्पताल से जुड़ा बताते हुए बच्चे को टीका लगवाने की बात कही।
बताया गया कि महिला ने नाजिम से नवजात को अपनी गोद में ले लिया और उसे टीकाकरण कार्ड लाने के लिए भेज दिया। नाजिम जब कार्ड लेकर वापस लौटा तो महिला और नवजात दोनों वहां से गायब थे। उसने अस्पताल परिसर और आसपास बच्चे की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सफेद कपड़े पहने एक महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर जाती दिखाई दे रही है। अस्पताल की CMS डॉ. इंद्रा सिंह के अनुसार CCTV में दिखाई दे रही महिला अस्पताल की कर्मचारी नहीं है और फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है।
जनकपुरी थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस टीम संदिग्ध महिला की पहचान करने और नवजात को बरामद करने के लिए अस्पताल तथा आसपास के इलाकों की CCTV फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने महिला की तलाश के लिए टीम गठित की है।