गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक शुभम मिश्रा की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार शुभम की हत्या उसके चचेरे भाई संतोष मिश्रा ने अपनी पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध होने के संदेह में की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का बांका, घटना के समय पहनी गई रक्तरंजित बनियान और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शुभम मिश्रा की 17 सितंबर को हत्या हुई थी। वह जयंतीपुर गांव में अपने घर के बरामदे में सो रहा था। शुरुआती जांच में पुलिस के सामने हत्या की वजह स्पष्ट नहीं थी और मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग पहलुओं पर काम करते हुए आठ टीमें लगाईं।
टीमों ने 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 300 मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई गई।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी क्षेत्र दिनेश कुमार पुरी के अनुसार, जांच के दौरान संतोष मिश्रा पर संदेह गहराया। पुलिस का कहना है कि संतोष को शक था कि शुभम का उसकी पत्नी के साथ संबंध है। इसी संदेह के चलते उसने शुभम पर लोहे के बांके से हमला किया। पुलिस के मुताबिक हमले में शुभम के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का बांका और खून से सनी बनियान बरामद की है। मोबाइल फोन की जांच भी मामले की पड़ताल में अहम बताई जा रही है। हालांकि मृतक के परिवार ने शुभम पर लगाए गए कथित संबंधों के आरोपों को स्वीकार नहीं किया है। उसके पिता ने कहा है कि उन्हें अपने बेटे के खिलाफ लगाए गए इस आरोप पर विश्वास नहीं है।