वाराणसी में रविवार तड़के यूपी एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) और झारखंड के प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में 30 लाख रुपये का इनामी बृजेश गंझू घायल हो गया।
उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। यह कार्रवाई रामनगर थाना क्षेत्र में लंका मैदान के पास टेंगरा मोड़ से मुगलसराय जाने वाले मार्ग पर हुई।
पुलिस के मुताबिक, यूपी ATS को गोपनीय सूचना मिली थी कि बृजेश गंझू अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से रामनगर होते हुए मुगलसराय की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर ATS टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर उसे रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का आरोप है कि रोकने की कोशिश के दौरान बृजेश ने सुरक्षा टीम पर गोली चला दी और भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी।
मुठभेड़ के दौरान बृजेश की ओर से चलाई गई गोलियां यूपी ATS के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। पुलिस के अनुसार दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं। घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने दो पिस्तौल और एक कार्बाइन बरामद की है।
बृजेश गंझू झारखंड के चतरा जिले का रहने वाला था और प्रतिबंधित TPC का कमांडर बताया गया है। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी उसे कई मामलों में वांछित मानती थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ दर्ज मामलों में हत्या, अपहरण, रंगदारी, विस्फोटक और UAPA से जुड़े आरोप शामिल बताए गए हैं।
बृजेश गंझू पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसमें झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख रुपये और NIA की ओर से 5 लाख रुपये का इनाम शामिल था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बृजेश गंझू वाराणसी कब और किस उद्देश्य से पहुंचा था तथा उसके साथ मौजूद व्यक्ति कौन था। उसके संभावित सहयोगियों और नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी का कमांडर बृजेश गंझू ATS के साथ मुठभेड़ में ढेर , वाराणसी के रामनगर क्षेत्र में बीती रात हुआ एनकाउंटर , नक्सली बृजेश ने दस पुलिसकर्मियों से ज़्यादा की हत्या की थी । @dgpup @VipinSho pic.twitter.com/hjo2JBN2UW
— Ravi Panday (@ravipandayvns) September 20, 2026