बीजिंग, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को उनके भारत दौरे की आधिकारिक पुष्टि कर दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर होने वाला यह दौरा 2019 के बाद शी चिनफिंग की भारत की पहली यात्रा होगी।
शी चिनफिंग के BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करने की भी संभावना है। दोनों नेताओं के बीच संभावित मुलाकात को भारत-चीन संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2020 के गलवान संघर्ष के बाद दोनों देशों के रिश्तों में लंबे समय तक तनाव रहा, हालांकि पिछले कुछ समय में दोनों पक्षों के बीच संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में प्रयास बढ़े हैं।
इसी बीच चीन में भारत के राजदूत विक्रम दोरईस्वामी ने भारत और चीन के बीच स्थिर, भरोसेमंद और मैत्रीपूर्ण संबंधों की जरूरत पर जोर दिया है। चीनी अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ में प्रकाशित उनके लेख के अनुसार, दोनों देशों के बीच बेहतर संबंध करीब 2.8 अरब लोगों के हित में हैं और एशिया तथा पूरी दुनिया में शांति, स्थिरता और विकास के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।
दोरईस्वामी ने कहा कि नई दिल्ली में होने वाला BRICS सम्मेलन व्यापार, कनेक्टिविटी, जलवायु कार्रवाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में भारत-चीन सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर दे सकता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता दोनों देशों के संबंधों की महत्वपूर्ण आधारशिला है।
भारत इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। 12-13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले सम्मेलन का मुख्य विषय “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” है। सम्मेलन में वैश्विक शासन, बहुपक्षीय सहयोग, ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा, तकनीक तथा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
शी चिनफिंग की यात्रा और मोदी के साथ संभावित बैठक को भारत-चीन संबंधों में जारी कूटनीतिक सुधार की दिशा में अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
At the invitation of Prime Minister of the Republic of India Narendra Modi, President Xi Jinping will attend the 18th BRICS Summit in New Delhi from September 12 to 13. pic.twitter.com/abKPwOyqRm
— CHINA MFA Spokesperson 中国外交部发言人 (@MFA_China) September 10, 2026