अयोध्या, पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कन्दैला गांव में पुराने जमीन और रास्ते के विवाद में गोली और बम से हमला कर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना में मृतक की मां भी गंभीर रूप से घायल हुई थीं, जिनका लखनऊ स्थित केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक 7.65 बोर पिस्टल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बताई जा रही काले रंग की वरना कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, कन्दैला गांव निवासी रामलगन मौर्या और उनकी मां पार्वती देवी पर 25 अगस्त की शाम करीब छह बजे पुराने जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर हमला किया गया था। इस दौरान गोली और बम से हमला किए जाने की बात सामने आई। गंभीर रूप से घायल रामलगन मौर्या को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था, जबकि उनकी मां पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें उपचार के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज स्थित केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्दैला गांव निवासी 26 वर्षीय राजमणि सिंह उर्फ राज सिंह उर्फ भोलू, 24 वर्षीय दीपक प्रजापति और 24 वर्षीय मनीष शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना को पूर्व से चले आ रहे विवाद और रंजिश के कारण योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की योजना के तहत 22 अगस्त को आरोपी राजमणि सिंह उर्फ राज सिंह और मनीष शर्मा ने लखनऊ स्थित स्काईलाइन से कथित तौर पर फर्जी आईडी के जरिए काले रंग की हुंडई वरना कार किराए पर ली थी। इसके बाद 25 अगस्त की शाम आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर कन्दैला गांव में नहर की पुलिया के पास वारदात को अंजाम दिया। हमले में रामलगन मौर्या की मौत हो गई, जबकि उनकी मां पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक 7.65 बोर पिस्टल, एक मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा काले रंग की वरना कार संख्या UP 32 NT 6086 और एक सफेद रंग का ओप्पो मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी राजमणि सिंह उर्फ राज सिंह उर्फ भोलू के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पूराकलंदर और कोतवाली नगर थानों में मामले दर्ज बताए गए हैं।
इस मामले में पूराकलंदर थाने में मुकदमा संख्या 568/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस हत्याकांड के सफल अनावरण और अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने वाली संयुक्त पुलिस टीम में पूराकलंदर थाना के प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार पाण्डेय, सर्विलांस सेल प्रभारी उ.नि. अमरेश कुमार त्रिपाठी, उ.नि. अमरेन्द्र प्रताप सिंह, उ.नि. सूरज कुमार, उ.नि. कमलेश कुमार, उ.नि. अजीत पासवान, मुख्य आरक्षी सौरभ सिंह, अमित राय तथा आरक्षी सत्यपाल यादव, विनोद तेवतिया, सन्दीप यादव, अनुराग सिंह, सर्वेश मिश्रा, मनदीप चौधरी, अंकित राय, ऋषि छौंकर और शशिकान्त यादव शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।










