नयी दिल्ली, खाद्य सुरक्षा नियामक एफएसएसएआई ने दिल्ली के एयरोसिटी स्थित पांच सितारा (फाइव स्टार) होटल जे डब्ल्यू मैरियट और ‘अंदाज दिल्ली’ को निरीक्षण के दौरान गंभीर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी खामियां पाए जाने के बाद नोटिस जारी किए हैं।
एफएसएसएआई ने बुधवार को बताया कि दोनों होटल में निरीक्षण के दौरान कीड़े-मकोड़े पाए गए, खाद्य सामग्री के रखरखाव में लापरवाही सामने आई और कुछ स्थानों पर साफ-सफाई की स्थिति खराब थी।
जे डब्ल्यू मैरियट में निरीक्षण के दौरान कॉकरोच और फल मक्खियां मिलीं। इसके अलावा सड़ी और फफूंद लगी खाद्य सामग्री, गंदे बर्तन और खाद्य पदार्थ रखने और तैयार करने वाली जगहों पर भी गंदगी पाई गई। खाद्य सामग्री को उचित तरीके से नहीं रखा गया था और एक-दूसरे के संपर्क में आने से खाद्य पदार्थों के दूषित होने का जोखिम था।
एफएसएसएआई के अनुसार, सेब पर फफूंद लगी थी और टमाटर सड़े हुए थे। कटी हुई सब्जियों तथा अन्य खाद्य पदार्थों को भी उचित तरीके से नहीं रखा गया था। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने, एलर्जी पैदा करने वाले पदार्थों के प्रबंधन और कुछ रसोईघरों में निकासी प्रणाली को लेकर भी खामियां पाई गईं।
निरीक्षण में लाइसेंस, लेबल, तापमान नियंत्रण, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की निगरानी और पेयजल के प्रबंधन से संबंधित कमियां भी सामने आईं।
एफएसएसएआई ने कहा कि पनीर, खोया, चना मसाला और मिर्च जैसी कुछ खाद्य सामग्री के लिए जरूरी लाइसेंस या संबंधित अनुमति उपलब्ध नहीं थी।
नियामक के मुताबिक, होटल में एफएसएसएआई लाइसेंस में आवश्यक अनुमति के बिना खुदरा बिक्री और दोबारा लेबल लगाने का काम भी किया जा रहा था। कुछ पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर गलत एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और निर्माता का पूरा पता नहीं दिया गया था।
‘अंदाज दिल्ली’ में भी कई गंभीर खामियां मिलीं। निरीक्षण के दौरान ‘फ्रीजर’ के पास कॉकरोच, मक्खियां, ग्राइंडिंग रूम में मच्छर और मकड़ी के जाले पाए गए। बोतलबंद पानी तैयार करने वाले क्षेत्र में गुटखा का एक पैकेट भी मिला।
एफएसएसएआई ने बताया कि होटल में करीब 87 किलोग्राम ऐसी मिठाइयां मिलीं जिनके इस्तेमाल की अवधि समाप्त (एक्सपायर्ड) हो चुकी थी।
निरीक्षण में मियाद पूरी हो चुकी ब्रेड की पैकेजिंग पर नकली तारीख अंकित किए जाने, खाद्य पदार्थों के तापमान की पर्याप्त निगरानी नहीं होने, एलर्जी पैदा करने वाले पदार्थों को उचित तरीके से अलग नहीं रखने और कचरा प्रबंधन में खामियां भी सामने आईं।
नियामक ने यह भी बताया कि होटल में तेज दुर्गंध थी और दो बाथरूम के बीच में शीत भंडारण कक्ष लगाए गए थे। इनसे निकलने वाली हवा की निकासी शीत भंडारण वाले हिस्से की ओर हो रही थी।
एफएसएसएआई ने कहा कि होटलों से घी, मियोनीज, नारियल का दूध पाउडर, शहद, दाल, टमाटर सॉस, मुरब्बा और कुकीज समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। आगे की कार्रवाई प्रयोगशाला जांच के नतीजों के आधार पर की जाएगी।
नियामक ने दोनों होटल के संचालकों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने और इसके प्रमाण के साथ अनुपालन रिपोर्ट जमा करने को कहा है। दोनों होटल की ओर से इस बारे में तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
The Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) has suspended license of M/S MARCHE RETAIL PRIVATE LIMITED, New Delhi & has issued prohibition order to M/S SDP INDUSTRIES PRIVATE LIMITED, Daman after uncovering serious food safety violations. #FSSAINotice #FSSAIAction pic.twitter.com/dVFyS3STdl
— FSSAI (@fssaiindia) August 23, 2026










