अयोध्या के थाना पूराकलंदर क्षेत्र अंतर्गत कंधैला गांव में पुराने जमीनी विवाद ने मंगलवार को खूनी रूप ले लिया। गांव में हुए भीषण संघर्ष के दौरान चली गोलियों और बमबाजी में राम लगन मौर्य नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
वारदात के दौरान मृतक की मां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर चिकित्सक नजर बनाए हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी राजमणि सिंह समेत आठ नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपियों में एक महिला का नाम भी शामिल है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी राजमणि सिंह और मृतक राम लगन मौर्य, दोनों ही पूराकलंदर थाने के सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर हैं।
मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच पुराना भूमि विवाद अचानक गहरा गया, जिसके बाद आरोपी राजमणि सिंह और उसके परिवार के सदस्यों ने कथित तौर पर बमबाजी करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
प्रकरण में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना पूराकलंदर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है, संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ व आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
— AYODHYA POLICE (@ayodhya_police) August 26, 2026










