अंबेडकरनगर में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जांच की दिशा बदल गई है। पुलिस के मुताबिक अब तक की जांच में हत्या, लूट या चोरी के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। वहीं पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजह हार्ट अटैक/कार्डियक अरेस्ट की ओर इशारा कर रही है।
मालीपुर थाना क्षेत्र के रूढ़ा धमरुआ गांव स्थित घर में इंद्रावती रविवार को मृत मिली थीं। वह अपने पति के निधन के बाद घर में अकेली रहती थीं। सुबह घरेलू सहायिका के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। शुरुआती तौर पर कुछ आभूषण गायब बताए जाने के बाद परिवार की ओर से हत्या और लूट की आशंका जताई गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया। पुलिस के अनुसार, शरीर पर बाहरी चोट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले। पोस्टमार्टम के बाद भी मौत के कारण को पूरी तरह स्पष्ट करने के लिए हृदय को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा गया और विसरा सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस जांच में घर से आभूषण गायब होने की आशंका को भी खंगाला गया। जांच के दौरान मृतका की अंगूठी, सोने की बालियां समेत अन्य आभूषण सुरक्षित मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फिलहाल हत्या या लूट की पुष्टि नहीं हुई है।
शुरुआत में घटना को लेकर हत्या और लूट की आशंका जताए जाने के कारण मामला चर्चा में आ गया था। राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई थीं। हालांकि, पुलिस की ताजा जांच और पोस्टमार्टम से मामले की तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर आगे की स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल उपलब्ध साक्ष्यों में हत्या या लूट की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
आज दिनांक 16.8.2026 को दिन में 1:13 बजे रमेश चंद्र मिश्रा नामक व्यक्ति ने थानाध्यक्ष मालीपुर को यह सूचना दी की ग्राम रूढ़ा धमरुआ के रहने वाले श्री आशुतोष मिश्रा जी की माता जी का सुबह 8:00 बजे हार्ट अटैक से निधन हो गया है, उसके पश्चात लगभग 2:30 बजे आशुतोष मिश्रा जी ने बताया कि… pic.twitter.com/tNJTUyrmS5
— AMBEDKARNAGAR POLICE (@ambedkarnagrpol) August 16, 2026









