अयोध्या, पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार पाण्डेय, अरविन्द कुमार पाण्डेय और आलोक यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात के दौरान पीड़ितों में भय पैदा करने के लिए गिरोह के सदस्य असली तमंचे के साथ नकली पिस्टल का भी इस्तेमाल करते थे।
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी से कुमारगंज क्षेत्र में 8 और 9 अगस्त को हुई लूट की दो घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों के अमेठी जिले के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र में हुई एक लूट की घटना में भी शामिल होने की बात सामने आई है।
CCTV और यक्ष ऐप से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज, सर्विलांस तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का सहारा लिया। जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी इनपुट को यक्ष ऐप पर उपलब्ध आपराधिक रिकॉर्ड से मिलाकर संदिग्धों की पहचान की गई।
यूपी पुलिस के अनुसार यक्ष ऐप AI और बिग-डेटा विश्लेषण पर आधारित अपराधी डेटाबेस है, जिसका इस्तेमाल अपराधों के अनावरण और संदिग्ध अपराधियों की पहचान में किया जा रहा है
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अपाचे मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, सोने का एक कान का बाला और 11,170 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, चार जिंदा कारतूस, दो खोखे और एक नकली पिस्टल भी बरामद की है। बरामद सामान को लूट की घटनाओं से जोड़कर जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अंकित कुमार पाण्डेय का HS नंबर 131 A दर्ज है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास और पूर्व की वारदातों में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।










