बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में कथित रूप से अपनी पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर आत्मदाह करने वाले एक मस्जिद के मुअज्जिन (अजान देने वाला) की इलाज के दौरान मौत हो गयी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के अंसारी मुहल्ले में स्थित हुसैनी मस्जिद के मुअज्जिन अब्दुल कादिर ने गत मंगलवार को अपने घर में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी और बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार शाम उसकी मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि कादिर (28) के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी भाभी सादमा पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
बरेली में दिल दहलाने वाली घटना, पत्नी से परेशान मौलाना ने खुद को आग लगा ली और तड़प तड़प कर अस्पताल में दम तोड़ दिया, घटना हुई सीसीटीवी में कैद, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा है वायरल@bareillypolice #viralvideo #bareilly pic.twitter.com/BeNWmhXXO9
— हिमांशु पटेल (@patel_himanshu1) July 30, 2026
सिंह ने बताया कि इलाज के दौरान अब्दुल ने पुलिस को दिये बयान में कहा कि उनकी पत्नी अपने भाई के साथ मिलकर उनकी सम्पत्ति हड़पना चाहती है और विरोध करने पर वह उन्हें प्रताड़ित करती थी, इसीलिये उन्होंने आत्मदाह किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पड़ोसियों के मुताबिक कादिर और सादमा के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था और 28 जुलाई की दोपहर में कादिर ने खुद को आग लगा ली।
उन्होंने बताया कि यह देखकर आसपास के लोगों ने कादिर को बचाने की कोशिश की और पानी डालकर आग बुझायी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।









