अयोध्या, नगर रुदौली के मोहल्ला काजियाना में एक दर्दनाक घटना सामने आई जहाँ मोहम्मद दानिश (24 वर्ष) पुत्र अनवर अली ने कथित रूप से सल्फास का सेवन कर लिया, जिसके चलते उसकी मृत्यु हो गई।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार दानिश पिछले काफी समय से मानसिक तनाव और अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहा था। बताया जा रहा है कि उसका उपचार डॉ. हरजीत सिंह के यहां चल रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्या ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई। युवक के शव को पुलिस ने क़ब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।










