अयोध्या, नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिसर में हड़कंप मच गया। छात्र का शव कालिंदी छात्रावास के कमरा नंबर 59 में पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मृतक की पहचान आकाश सोनकर के रूप में हुई है, जो वेटरनरी प्रथम वर्ष का छात्र था। वह मऊ जनपद के घोसी कस्बे का निवासी बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस कमरे में छात्र का शव मिला, वह अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही छात्र के परिजन भी विश्वविद्यालय पहुंच गए।
घटना के बाद छात्रावास में रहने वाले छात्रों में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना कुमारगंज क्षेत्र की पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










