सुलतानपुर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात होमगार्ड की बुधवार दोपहर चक्कर खाकर गिरने से मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि होमगार्ड को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, बुधवार को यह घटना अपराह्न लगभग सवा तीन बजे की है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान शिव मूर्ति यादव (50) के रूप में हुई है और वह कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अहिरौली मलिकपुर का निवासी था।
पुलिस के मुताबिक, शिव मूर्ति यादव डाक लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय आए थे और बाहर निकलते समय वह अचानक गिर पड़े। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि होमगार्ड की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस के मुताबिक, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

