जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में बृहस्पतिवार को सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा जिससे चार जवानों की मौत हो गई और नौ अन्य जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह हादसा भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि सेना के बुलेटप्रूफ वाहन में कुल 17 जवान सवार थे और यह वाहन ऊंचाई पर स्थित एक चौकी की ओर जा रहा था।
उन्होंने बताया कि चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा। अधिकारियों ने बताया कि सेना एवं पुलिस ने तुरंत संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया और चार जवान मृत पाए गए।
उन्होंने कहा कि नौ अन्य जवान घायल हो गए हैं और उनमें से गंभीर रूप से घायल तीन जवानों को विशेष उपचार के लिए हवाई मार्ग से उधमपुर के सैन्य अस्पताल ले जाया गया।




