बाराबंकी, खुद को पत्रकार बताकर लोगों को ब्लैकमेल करने वाले ब्लैकमेलर युटुबर गिरोह पर बाराबंकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला यूट्यूबर रूबी अवस्थी समेत उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह गिरोह कई जनपदों में सक्रिय था और गोंडा से लेकर लखनऊ व अयोध्या तक इसका नेटवर्क फैला हुआ था थाना सफदरगंज पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए ग्राम औलियालालपुर गौशाला में दबिश दी, जहां अभियुक्त पशु तस्करी जैसी झूठी खबरें फैलाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अवैध वसूली कर रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विशाल गुप्ता, मनीष कुमार उर्फ सम्राट, आशीष मिश्रा और महिला अभियुक्ता रूबी अवस्थी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कार और 05 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अक्सर खुद को पत्रकार बताकर ग्रामीण क्षेत्रों में घूमता था और गलत खबरें न चलाने के नाम पर दबाव बनाकर धन उगाही करता था। अभियुक्त विशाल गुप्ता और मनीष कुमार पहले से ही गैंगस्टर एक्ट के आरोपी हैं, जबकि विशाल गुप्ता गोंडा जनपद का हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी है।
थाना सफदरगंज में अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 20/2026, धारा 308(2)/352/351(3)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी कीमत पर ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अमर चौरसिया, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।




