अयोध्या, कोतवाली नगर क्षेत्र के चौक सब्जी मंडी में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण के लिए नगर निगम द्वारा चिन्हित की गई जमीन पर बने अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने आज सफलतापूर्वक हटा दिया।
यह कार्रवाई अयोध्या विकास प्राधिकरण के अधिकारियों और सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में की गई। मौके पर सीओ सिटी श्रेयस त्रिपाठी और नगर कोतवाल अयोध्या अश्वनी पाण्डेय भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि चौक क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण जल्द शुरू होगा, जिससे शहर में बढ़ते वाहनों की पार्किंग समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। अवैध कब्जे हटाने से सार्वजनिक भूमि को मुक्त कराया गया है और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
प्रशासन ने साफ किया कि नियमों के खिलाफ कोई भी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे यातायात व्यवस्था सुधरेगी और बाजार क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा बढ़ेगी।