अयोध्या, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में तहसील सोहावल के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर के साथ व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
तहसील सोहावल में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान नगर पंचायत खिरौनी विकासखण्ड सोहावल के शिकायतकर्ता ने सरकारी नाली व चकमार्ग को गांव के कुछ लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर जबरन कब्जे की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को न्यायोचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
इसी क्रम में ग्राम महावां साहब दूबे का पुरवा विकासखंड मसौधा के शिकायतकर्ता ने राशन कार्ड बनाये जाने की शिकायत की जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को अविलम्ब राशन कार्ड बनाये जाने को कहा।
ग्राम कपासी विकासखण्ड सोहावल के शिकायतकर्ता ने गांव के सार्वजनिक रास्ते को ठीक कराने व नाली के पानी के निकलने की शिकायत की जिस पर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी सोहावल को मामले को संज्ञान में लेकर कार्य करने के निर्देश दिये।
इसी क्रम में ग्राम इब्राहिमपुर कन्दई ने अवैध कब्जे की शिकायत व ग्राम मोइया कपूरपुर ने अवैध कब्जे को मुक्त कराये जाने की शिकायत की है, जिस पर जिलाधिकारी ने उक्त दोनों प्रकरणों में तहसीलदार सोहावल को मामले की जांच करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस सोहावल में आज कुल 152 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
तहसील दिवस में मुख्यतः राजस्व, भूमि विवाद, जल आपूर्ति, राशन, पेंशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत आदि से संबंधित अधिकतर शिकायतें प्राप्त हुईं।
इसके निस्तारण हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध ढंग से निस्तारण के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी सोहावल, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, तहसीलदार व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।




