अयोध्या, फेसबुक विज्ञापन के जरिए ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले का खुलासा एसपी ग्रामीण ने किया है। इनायतनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाराबंकी जनपद के निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित इनायतनगर थाना क्षेत्र के उछाहपाली गांव का निवासी है। पीड़ित ने बताया कि उसने फेसबुक पर पुराने ट्रैक्टर को बेचने और सस्ते दाम में नया ट्रैक्टर दिलाने से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन देखने के बाद आरोपी ने स्वयं पीड़ित से फोन पर संपर्क किया और भरोसा दिलाया कि वह कम कीमत में नया ट्रैक्टर दिलवा सकता है।
आरोपी पीड़ित को ट्रैक्टर यार्ड ले गया, जहां उसे नया ट्रैक्टर दिखाया गया। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 2 लाख 80 हजार रुपये आरोपी द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। पैसे मिलने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया और पीड़ित से संपर्क समाप्त कर दिया।
काफी प्रयास के बाद भी संपर्क न होने पर पीड़ित ने थाना इनायतनगर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
इनायतनगर पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बाराबंकी निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते से 90 हजार रुपये होल्ड करा दिए हैं। शेष धनराशि की बरामदगी और आरोपी के आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आने वाले लुभावने विज्ञापनों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की वित्तीय लेन-देन करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।




