अयोध्या, पटरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादाबाद गांव में एक अज्ञात दिव्यांग युवक की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को पुआल से जलाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों की सूचना पर पटरंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की हालत देखकर हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसपी ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी (सीओ) समेत सर्किल की भारी पुलिस फोर्स पहुंची। पूरे इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया ताकि साक्ष्यों से कोई छेड़छाड़ न हो सके। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुआल, जले हुए अवशेष, खून के निशान और आसपास की मिट्टी के नमूनों को जांच के लिए एकत्र किया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक दिव्यांग था, लेकिन अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों और थानों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके और हत्या के पीछे की वजह सामने आ सके।
प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट है कि युवक की हत्या बेहद योजनाबद्ध तरीके से की गई है। गला काटने के बाद शव को जलाने की कोशिश इस बात की ओर इशारा करती है कि हत्यारे सबूत मिटाना चाहते थे। हालांकि हत्या के कारणों को लेकर फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।




