मुंबई, सीमा शुल्क विभाग ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गत चार दिनों में अलग-अलग मामलों में कुल 32 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 32 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला गांजा जब्त किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि 21 से 24 नवंबर तक चले अभियान के दौरान तस्करी कर लाये जा रहे 73 लाख रुपये मूल्य का सोना भी जब्त किया गया है। इन मामलों में आठ यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर, मुंबई सीमा शुल्क विभाग के हवाई अड्डा आयुक्तालय के अधिकारियों ने बैंकॉक से आने वाले कई संदिग्ध यात्रियों को रोका।
अधिकारी ने बताया कि तीन मामलों में चार यात्रियों से 10.899 करोड़ रुपये मूल्य का कुल 10.899 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा चार अन्य यात्रियों से 21.799 करोड़ रुपये मूल्य का 21.799 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया।




