बेंगलुरु में खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताकर अज्ञात लोगों ने एक कैश वैन को रोक लिया और करीब सात करोड़ रुपये लेकर बुधवार को कथित तौर पर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
जे.पी. नगर स्थित बैंक शाखा से नकदी लेकर जा रही वैन से यह लूटपाट अशोक स्तंभ के पास हुई।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि भारत सरकार का स्टिकर लगी एक कार में सवार होकर कुछ लोग आए और दस्तावेजों का सत्यापन करने की बात कहते हुए नकदी ले जा रहे वाहन को उन्होंने रोक लिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसके बाद संदिग्धों ने वैन के कर्मचारियों को नकदी लेकर अपनी कार में जबरन बिठा लिया। वे कथित तौर पर डेयरी सर्कल की ओर गए, जहां उन्होंने कर्मचारियों को उतार दिया और लगभग सात करोड़ रुपये नकदी लेकर फरार हो गए।
वाहन के मार्ग का पता लगाने तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि यह घटना आज दोपहर सिद्धपुरा थाना क्षेत्र में हुई। लगभग सात करोड़ रुपये की रकम बताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि की जा रही है, क्योंकि कैश वैन के चालक ने सही जानकारी साझा नहीं की है।
संदिग्धों की संख्या के बारे में पूछे गए एक सवाल पर, आयुक्त ने कहा, ‘‘अब तक हमारे पास कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो उपायुक्त और एक संयुक्त आयुक्त काम कर रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी का हवाला देते हुए अधिकारी ने कहा कि पैसा सीएमएस कैश वैन से जबरदस्ती एक वाहन में स्थानांतरित कर लिया गया और ले जाया गया।
बेंगलुरु में दिनदहाड़े ATM कैश वैन से 7 करोड़ 11 लाख की सनसनीखेज लूट!
स्पेशल 26 फिल्म स्टाइल में लुटेरे टैक्स अधिकारियों के वेश में आए थे।
कैश वैन HDFC बैंक की जेपी नगर शाखा से एटीएम में पैसे भरने के लिए जा रही थी। इसी दौरान 7-8 लोगों का गिरोह, जो एक व्हाइट टोयोटा इनोवा में था,… pic.twitter.com/pgLGl601YY
— Ankit Kumar Avasthi (@kaankit) November 19, 2025




