बरेली जिले के बारादरी क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित बरेली कॉलेज परिसर में सोमवार सुबह 30 वर्षीय एक व्यक्ति का शव फंदे से लटकता मिला, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस ने बताया कि सुबह सैर पर निकले कुछ लोगों ने शव देखा और तुरंत कॉलेज प्रशासन व पुलिस को सूचना दी। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उसने बताया कि मृतक की पहचान कालीबाड़ी निवासी बिहारी राजपूत के रूप में हुई है। उसने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
इस बीच, राजपूत के भतीजे अजय ने पोस्टमार्टम हाउस में संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजपूत शराब का आदी था। रविवार शाम उसने काफी शराब पी और टहलने के लिए घर से निकल गया था। रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार ने ज्यादा चिंता नहीं की, क्योंकि वह अक्सर नशे की हालत में बाहर ही रुक जाता था।’’
अजय ने बताया, “सोमवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने फोन कर बताया कि राजपूत का शव बरेली कॉलेज के अंदर फंदे से लटका मिला है।
उन्होंने कहा कि परिवार को नहीं लगता कि राजपूत ने आत्महत्या की है। घटनास्थल को देखते हुए हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले की तैयारी की जा रही है।




