नयी दिल्ली, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) अगले साल 17 फरवरी से कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करेगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह घोषणा की। बोर्ड ने महत्वपूर्ण परीक्षाओं के लिए एक अस्थायी ‘डेटशीट’ की घोषणा की।
यह पहली बार है कि कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं एक शैक्षणिक सत्र में दो बार आयोजित की जाएंगी।
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा, “पहला संस्करण 17 फरवरी से छह मार्च, 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जबकि दूसरा संस्करण 15 मई से एक जून तक आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से नौ अप्रैल, 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
भारद्वाज ने कहा, “सामान्य दिशानिर्देश के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रत्येक विषय की परीक्षा के लगभग 10 दिन बाद शुरू होगा तथा 12 दिनों के भीतर पूरा हो जाएगा। उदाहरण के लिए, यदि कक्षा 12 की भौतिकी की परीक्षा 20 फरवरी, 2026 को निर्धारित है, तो मूल्यांकन तीन मार्च, 2026 को शुरू होने और 15 मार्च, 2026 तक समाप्त होने की संभावना है।




