राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में कथित रूप से अंतरधार्मिक प्रेम प्रसंग को लेकर मंगलवार को 26 वर्षीय एक व्यक्ति की उसके तीन पड़ोसियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि लकड़ मंडी इलाके में अली अब्बास को कुछ लोगों ने 22-23 सितंबर की दरमियानी रात को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
उन्होंने बताया कि रात करीब एक बजे घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तो अब्बास लकड़ मंडी इलाके में बेहोश पड़ा मिला जिसके बाद उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने कहा, “प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी हिमालय प्रजापति, सोनू और सौरभ प्रजापति ने सोमवार को अब्बास को अपनी बहन के साथ उसके रिश्ते पर चर्चा करने के बहाने अपने घर बुलाया और फिर उस पर लाठियों से हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
उसने बताया कि अब्बास के पिता आरिफ जमीर की शिकायत पर सआदतगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दो आरोपियों, हिमालय और सौरभ को हिरासत में ले लिया गया है। उसने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध कुबूल कर लिया और बताया कि वे अब्बास के अपनी बहन के साथ संबंधों को लेकर खफा थे।


