गुजरात में गांधीनगर निकाय प्रशासन और अन्य अधिकारियों ने साबरमती नदी के किनारे एक लाख वर्ग मीटर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए बृहस्पतिवार तड़के एक बड़ा तोड़फोड़ अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा कि गुजरात की राजधानी में लगभग 700 अवैध ढांचों को ध्वस्त करने के लिए चिह्नित किया गया और दोपहर तक उनमें से लगभग 150 को गिरा दिया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक रवि तेजा वासमसेट्टी ने बताया कि गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी), राज्य सड़क एवं भवन (आरएंडबी) विभाग और स्थानीय पुलिस ने गुजरात की राजधानी में पेथापुर क्षेत्र में तड़के लगभग चार बजे अभियान शुरू किया था।
पुलिस अधीक्षक ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘आरएंडबी और जीएमसी की 20 टीम की निगरानी में साबरमती नदी के किनारे सरकारी जमीन पर बने लगभग 700 अवैध ढांचों को हटाने का अभियान जारी है। हमने उनकी मदद के लिए अधिकारियों समेत 700 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोपहर तक लगभग 150 अवैध रूप से निर्मित मकानों और दुकानों को गिरा दिया गया, जबकि शेष अतिक्रमणों को हटाने का काम जारी है।
वासमसेट्टी ने कहा, ‘जिस भूमि पर अतिक्रमण किया गया है उसका कुल क्षेत्रफल लगभग एक लाख वर्ग मीटर है और इसका बाजार मूल्य 1,000 करोड़ रुपये है। हमें उम्मीद है कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान दो-तीन दिनों में समाप्त हो जायेगा।








