नयी दिल्ली, कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने देशभर में जारी संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (सीजीएलई) के दौरान कुछ केंद्रों पर ‘रिमोट हैकिंग’ के प्रयासों का पता लगाया है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
एसएससी द्वारा जारी एक नोटिस के अनुसार, कंप्यूटर आधारित परीक्षा के दौरान विभिन्न सुरक्षा विशेषताएं लागू की गई हैं जो प्रत्येक केंद्र में हर उम्मीदवार के टर्मिनल पर हो रही गतिविधियों को रिकॉर्ड करती हैं।
इसमें कहा गया है, ‘‘आयोग द्वारा तैनात डिजिटल सुरक्षा समाधानों के माध्यम से, यह देखा गया है कि कुछ केंद्रों पर कुछ उम्मीदवारों के ‘नोड्स’ पर रिमोट टेकओवर/सिस्टम हैकिंग के प्रयास किए जा रहे हैं।
Message from the Chairman to the CGLE 2025 Tier I candidates. pic.twitter.com/umCWC9soPf
— Staff Selection Commission (@SSCorg__in) September 12, 2025
आयोग की ओर से 17 सितंबर को जारी नोटिस में कहा गया है कि ऐसी गतिविधियों पर आयोग कड़ी निगरानी रख रहा है और यह दोहराया गया है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद, साक्ष्यों और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर, इस तरह की गड़बड़ी में शामिल उम्मीदवारों को परीक्षा से बाहर कर दिया जाएगा। नोटिस में यह भी कहा गया है कि इस कृत्य में शामिल ऐसे लोगों के खिलाफ आवश्यक आपराधिक कार्यवाही शुरू की जा सकती है, जिनमें वे केंद्र भी शामिल हैं जो ऐसी गड़बड़ी को बढ़ावा देते हैं।
इसमें सभी उम्मीदवारों को किसी भी तरह की गड़बड़ी में शामिल न होने की सलाह दी गई है और कहा गया है कि आयोग निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एसएससी द्वारा आयोजित सीजीएलई देश की सबसे बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक है, जो हर साल लाखों युवा उम्मीदवारों को आकर्षित करती है जो सरकारी विभागों में विभिन्न ग्रुप बी और सी के पदों पर भर्ती चाहते हैं।


