लखनऊ, उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार ने मुरादाबाद के गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय और बलरामपुर के मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में कुल 948 नए पद सृजित करने की मंजूरी दी है।
उपाध्याय ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार दोनों उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। विश्वविद्यालयों में नए पदों का सृजन इसी दिशा में एक ठोस कदम है, जो उच्च शिक्षा को मजबूत और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विश्वविद्यालय में शिक्षणेत्तर के 156 अस्थायी पद सृजित किए गए हैं, जो 28 फरवरी 2026 तक प्रभावी रहेंगे और आवश्यकतानुसार समाप्त भी किए जा सकते हैं।
मंत्री ने कहा, ‘‘इन पदों में फार्मासिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, अवर अभियंता, आशुलिपिक, सहायक लेखाकार, कनिष्ठ सहायक, लैब तकनीशियन, लैब सहायक, उप कुलसचिव, सहायक कुलसचिव, वैयक्तिक सहायक, लेखाकार, प्रधान सहायक, चिकित्साधिकारी और स्टाफ नर्स शामिल हैं।’’
उन्होंने बताया कि इन पर भर्ती अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से, सीधी भर्ती, पदोन्नति और प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया से की जाएगी।
उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रत्येक विश्वविद्यालय में 160 पद अनुबंध से भरे जाएंगे। कंप्यूटर ऑपरेटर, स्वच्छकार, चौकीदार, माली, चपरासी, वाहन चालक और पुस्तकालय परिचर जैसे पद अनुबंध के आधार पर भरे जाएंगे।
आउटसोर्सिंग की प्रक्रिया ‘गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस’ (जीईएम) पोर्टल के माध्यम से निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।


