मुरादाबाद जिले में पुलिस ने एक मोहपाश गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक कांस्टेबल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने एक व्यक्ति को जाल में फंसाकर गुप्त तरीके से एक महिला के साथ उसका आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसे ब्लैकमेल करने लगे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने शुरुआत में पीड़ित से 35,000 रुपये ऐंठ लिये और बाद में उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की।
संभल जिले के एक निवासी की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (कटघर) आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार लोगों को जेल भेज दिया गया और फरार आरोपी की तलाश जारी है।


