अयोध्या, पटरंगा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रूदौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत शंकरगढ़ मजरे फेलसंडा गांव निवासी शुभम सिंह पुत्र सुभाष सिंह 28 वर्ष रोज स्कूटी से मवई शापिंग सेंटर काम करने जाता था। गुरुवार की देर शाम को शुभम रोज की तरह शापिंग सेंटर से काम करके स्कूटी से वापस अपने घर जा रहा था।शुभम सिंह जैसे ही पटरंगा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग जरायल कला गांव के पास पहुंचा तभी उसकी स्कूटी पहले खड़ी अर्टिका कार से टकरा गई, जिससे युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पीआरवी डायल 112 के जवानों ने पहुंचकर गम्भीर रूप से घायल को सीएचसी रूदौली पहुंचाया जहां डाक्टरों प्रथम उपचार के बाद घायल की गम्भीर स्थिति देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय अयोध्या रेफर कर दिया। मण्डलीय चिकित्सालय में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों कोहराम मच गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। इस सम्बंध में हाइवे चौकी प्रभारी धर्मेद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी पीआरवी पुलिस से मिली है। मृतक के परिजनों की तरफ अभी कोई तहरीर नही मिली हैं, तहरीर मिलने विधिक कार्यवाही की जाएगी।