सेना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सूचना मिलते ही सेना की आईब्रेक्स ब्रिगेड के जवानों को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। पोस्ट में कहा गया है कि आपदा में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना पर लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने कहा, “मंगलवार दोपहर हर्षिल के पास धराली गांव के पास एक बड़ा बादल फटा। इसके बाद भारी बाढ़ और मलबा गांव में घुस आया, जिससे घरों और निवासियों को भारी नुकसान हुआ।
हर्षिल में तैनात भारतीय सेना की इकाई को सूचना मिली और वे 10 मिनट के भीतर ही वहां पहुंच गई। मुश्किल हालातों के बावजूद करीब 20 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। साथ ही जो लोग लापता हैं, उनकी तलाश जारी है।
धराली और हर्षिल में ज़मीनी हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। लगातार हो रही बारिश बचाव कार्यों को और मुश्किल बना रही है, और मौसम पूर्वानुमान में आगे और बारिश की चेतावनी दी गई है।
इलाके से आ रहे वीडियो डरावने हैं, और हालात अभी थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
बता दें कि उत्तरकाशी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आईटीबीपी, एनडीआरएफ की दो टीमें और सेना की एक टीम राहत कार्य में जुटी हुई है। सेना की टीम में करीब 80 जवान शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि इस हादसे के समय धराली में स्थानीय और यात्रियों को मिलाकर 200 से ज्यादा लोग मौजूद थे। लगभग 20 लोगों को बचा लिया गया है और घायलों का इलाज चल रहा है। इसके कुछ समय बाद, भूस्खलन और बादल फटने की घटना ने सेना के शिविर और बचाव दल के एक हिस्से को भी प्रभावित किया।
केंद्रीय और राज्य आपदा राहत बलों और राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने मदद चाहने वाले लोगों से 01374222126, 222722, 9456556431 डायल करने का आग्रह किया है। हरिद्वार स्थित जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने प्रभावित लोगों से 01374-222722, 7310913129, या 7500737269 डायल करने का आग्रह किया है और देहरादून स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से 0135-2710334, 0135-2710335, 8218867005, या 9058441404 पर संपर्क किया जा सकता है।


