अयोध्या में रुदौली के पटरंगा क्षेत्र में आसमान में ड्रोन उड़ता दिखा तो हड़कंप मच गया है। सरैठा ग्रामसभा में सुबह से ही आसमान में एक ड्रोन मंडरा रहा था। इससे ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया। यह जगह वास्तव में राम मंदिर से महज 50 किमी दूर थी। ग्रामीण अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए।
भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव और युद्ध के माहौल के दौरान इस घटनाक्रम ने हर किसी को चिंतित कर दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस के मीडिया ग्रुप में फोटो भेज कर इस बारे में जानकारी दी है।
जिस स्थान पर ड्रोन उड़ रहा था, वहां से राम मंदिर की दूरी सिर्फ 50 किलोमीटर है। ऐसे में राम मंदिर की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होने लगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा भी था। इसके चलते पुलिस जांच में जुट गई है। इलाके की घेराबंदी की गई है। पटरंगा थानाध्यक्ष शशिकांत यादव ने बताया कि ड्रोन उड़ाए जाने की जानकारी मिली है। इस बारे में जांच की जा रही है। कुछ ही देर बाद जांच पूरी हुई तो सच सामने आया।
सीओ आशीष निगम ने बताया कि सर्वे आफ इंडिया की ओर से नगर नियोजन कार्य के तहत क्षेत्र का सर्वे किया जा रहा था। सर्वे के लिए ड्रोन को उड़ाया गया था। यह ड्रोन सरेठा गांव के नजदीक उड़ रहा था। इस बारे में संबंधित विभाग से जानकारी की जा रही है।