बलिया जिले में एक वकील को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के आरोप में एक स्थानीय पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक बलिया की अदालत में कार्यरत वकील कैश कुमार सिंह की शिकायत पर स्थानीय पत्रकार राजेश मिश्रा के खिलाफ शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया है।
कोतवाली थाने के प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने पत्रकार राजेश मिश्रा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मिश्रा पर वकील कैश कुमार सिंह को जान से मारने की धमकी देकर 22,500 रुपये रंगदारी मांगने का आरोप है। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी पत्रकार की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
बलिया रेलवे स्टेशन के काजीपुरा रेलवे क्रॉसिंग के समीप शनिवार दोपहर साबरमती एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी की मौत हो गई।
राजकीय रेलवे पुलिस के अनुसार, बलिया-छपरा रेल प्रखंड पर स्थित काजीपुरा रेलवे क्रॉसिंग के समीप ट्रेन की चपेट में आने से त्रिवेणी राय (79) की मौत हो गई।
उसने बताया कि त्रिवेणी राय शहर कोतवाली क्षेत्र के जापलिनगंज के निवासी थे। वह किसी काम से घर से निकले थे। राय काजीपुरा रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय साबरमती एक्सप्रेस की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


