प्रयागराज, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को प्रयागराज महाकुंभ में संगम में आस्था की डुबकी लगाई। संगम में स्नान के बाद अखिलेश ने पत्रकारों से कहा, “आज गणतंत्र दिवस के अवसर में मुझे संगम में 11 डुबकी लगाने का मौका मिला। भगवान से कामना की कि, लोगों के बीच सौहार्द एवं सद्भाव बना रहे और वे सहनशीलता के साथ आगे बढ़ें।

MahaKumbh 2025। Image Credit: ANI
उन्होंने कहा, “यह (महाकुंभ) एक बड़ा आयोजन है। जब सपा की सरकार थी, उस समय हमें महाकुंभ कराने का मौका मिला था। उस समय हमने कम संसाधन में महाकुंभ आयोजित किया था।” अखिलेश ने कहा, “यहां तीन नदियां मिलती हैं-गंगा, यमुना और सरस्वती, जो हमें प्रेरणा देती हैं कि हमें मिलकर रहना चाहिए। लोग यहां बिना प्रचार के अपनी व्यक्तिगत आस्था से आते हैं।

MahaKumbh 2025। Image Credit: ANI

MahaKumbh 2025। Image Credit: ANI
इससे पहले, 15 जनवरी को मकर संक्रांति पर अखिलेश ने हरिद्वार में गंगा में डुबकी लगाई थी। इस महीने की शुरुआत में यह पूछे जाने पर कि क्या वह प्रयागराज महाकुंभ में जाएंगे, अखिलेश ने कहा था कि वह हमेशा धार्मिक समागम में जाते रहे हैं। उन्होंने कहा था, ‘कुछ लोग पुण्य पाने के लिए गंगा में स्नान करने जाते हैं, तो कुछ लोग दान देने जाते हैं और कुछ अपने पापों को धोने जाते हैं। हम पुण्य और दान दोनों के लिए जाएंगे।’ अखिलेश ने 2019 में अर्धकुंभ के दौरान भी प्रयागराज पहुंचकर संगम में पवित्र स्नान किया था।


