प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रयागराज में महाकुंभ मेला क्षेत्र में आग लगने की घटना के बारे में जानकारी लेने के लिए रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। अधिकारियों ने बताया कि मोदी ने घटना के बाद फोन पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से बात की।
अधिकारियों ने बताया कि महाकुंभ मेले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट के कारण सेक्टर 19 में 18 टेंट जलकर खाक हो गए। सरकार ने एक बयान में कहा कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। कुंभ मेला के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रमोद शर्मा ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 15 गाड़ियों को लगाया गया है।
बतादे, महाकुंभ मेले में रविवार शाम को सेक्टर 19 कैंपसाइट क्षेत्र में दो से तीन गैस सिलेंडरों में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्थिति का आकलन करने और आपातकालीन प्रतिक्रिया उपायों की समीक्षा करने के लिए आग स्थल पर पहुंचे।
स्थानीय अधिकारियों ने पुलिस और अग्निशमन विभागों के साथ समन्वय करके तुरंत प्रयास शुरू किए और कुछ ही समय में आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया।
एडीजी भानु भास्कर ने कहा, ‘हमें 04:08 बजे सूचना मिली की एक सिलेंडर फटने के कारण सेक्टर 19 में आग लगी है। 3 मिनट में हमारे उत्तर प्रदेश पुलिस और फायर सर्विस के लोग मौके पर पहुंच गए। स्वंय सेवी संस्थान की भी मदद ली गई और लोगों को निकाल लिया गया। स्थल को खाली कराने के बाद आग पर काबू पाया गया। 4:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया।


