बदायूं, थाना अलापुर क्षेत्र के गांव हयात नगर में एक महिला और उसकी पोती की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। इस घटना की सुचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस की टीम ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घर में चारपाई पर सो रही 55 वर्षीय गीता देवी और उनकी तीन वर्षीय पोती कल्पना की सिर पर वार करके हत्या कर दी गई। घटना के समय गीता देवी के पति रामनाथ काम पर गए हुए थे। पुलिस का कहना है कि परिवार की पास के ही कसवा साखनू के रहने वाले कुछ लोगों से रंजिश चल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक सिंह ने बताया कि 10 साल पहले रामनाथ के लड़के और प्रेमपाल की लड़की के बीच प्रेम प्रसंग के चलते दोनों परिवारों में विवाद हो गया था और तभी से रंजिश चली आ रही है। रामनाथ ने प्रेमपाल और उसके बेटे ब्रजेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने रामनाथ द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई हैं।


