गुजरात के अहमदाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक फर्जी कोर्ट का भंडाफोड़ हुआ है। बताया जा रहा है कि यहां एक वकील पिछले कई सालों से फर्जी जज बनकर धोखाधड़ी का धंधा चला रहा था। इस बात की जानकारी जब पुलिस को लगी तो पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मामला अहमदाबाद सिविल कोर्ट के सामने का है। जहां एक वकील फर्जी तरीके से जज बनकर फर्जी कोर्ट चला रहा था। इतना ही नहीं वो अरबों की विवादित जमीनों से जुड़े मामले में कई ऑर्डर पास किए। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ ऑर्डर डीएम ऑफिस तक पहुंच गए।
इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब एक संबंधित मामला अहमदाबाद सिटी सेशंस कोर्ट के जज के सामने पहुंचा। इसके बाद, कोर्ट के रजिस्ट्रार हार्दिक देसाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस की जांच के बाद आरोपी मॉरिस क्रिश्चन को गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे शहर में हड़कंप मच गया।


