जौनपुर जिले के बदलापुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक बाबा दुबे ने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने त्यागपत्र में लिखा है कि विपरित विचारधारा वाले व्यक्ति का समर्थन नहीं करेंगे। इसलिए पार्टी छोड़ रहे।
आपको बता दें कि त्यागपत्र में लिखा कि मेरे निजी व राजनीतिक सिद्धांतों के विपरीत होने के कारण किसी भी व्यक्ति का समर्थन या प्रचार ना ही पूर्व में कभी करना स्वीकार किया, ना ही वर्तमान में करना स्वीकार करूंगा। इसलिए समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता त्याग रहा हूं। यह पत्र उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नाम लिखा है।
गौरतलब है कि बाबा दुबे वर्ष 2012 में बदलापुर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार सपा के टिकट पर चुनकर विधानसभा पहुंचे थे। उनकी गिनती बड़े उद्योगपतियों में होती है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का पहला चुनाव वर्ष 2004 में जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से बसपा के टिकट पर लड़ा था, जिसमें उनको सपा के पारसनाथ यादव से हार का सामना करना पड़ा था।
इसके अलावा उन्होंने 2009 में रारी में हुए विधानसभा का उपचुनाव सपा के टिकट पर लड़ा। फिर सपा के ही टिकट पर 2012, 2017, 2022 का चुनाव लड़े लेकिन सफलता सिर्फ 2012 के चुनाव में ही मिली थी।



