नोएडा, ग्रेटर नोएडा के एक किशोर का कथित तौर पर अगवा कर उसकी हत्या करने के मामले में परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है और घटना के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
नोएडा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में संबंधित थाने के प्रभारी निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया गया है और संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
ग्रेटर नोएडा स्थित शिवा ढाबा के मालिक कृष्ण कुमार शर्मा के बेटे कुणाल का एक मई को अपहरण कर लिया गया था और रविवार सुबह उसका शव बुलंदशहर जिले में मिला।
कृष्ण कुमार ने एक मई को बीटा-दो पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कार में सवार होकर एक महिला उनके ढाबे पर आई थी और उनके बेटे को अपने साथ ले गई।
कुणाल के पिता कृष्ण कुमार ने पुलिस पर इस मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
कुमार ने आरोप लगाया, ‘‘घटना के दिन से ही पुलिस इस मामले में लापरवाही बरत रही थी। अगर पुलिस ठीक से कार्रवाई करती तो मेरा बच्चा आज जीवित होता।’’
परिजनों ने तीन दिन पहले थाना बीटा-दो पर हंगामा भी किया था। परिजनों ने पुलिस से इस मामले में जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
कृष्ण कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘जब तक मेरे बेटे को न्याय नहीं मिल जाता तब तक मैं शांत नहीं बैठूंगा।’’
सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें कथित तौर पर लड़का एक कार की ओर जाता दिख रहा है और किसी के द्वारा जबरदस्ती किए बिना वह कार के अंदर बैठ रहा है।
पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस आयुक्त ने थाना बीटा-दो के प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है और सहायक पुलिस आयुक्त पुलिस (लाइन) द्वारा उनके खिलाफ विभागीय जांच करने का आदेश दिए गए हैं।’’
उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा जोन के सहायक पुलिस आयुक्त प्रथम सुशील गंगाप्रसाद से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है।


