प्रतापगढ़, जिले के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के अयोध्या प्रयागराज राजमार्ग पर सोमवार की सुबह ट्रक और कार की आमने सामने की हुई टक्कर के बाद कार में आग लगने से उसमें सवार दो लोगों की झुलसकर मृत्यु हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के अयोध्या प्रयागराज राजमार्ग पर सोनावां गांव के निकट सोमवार की सुबह ट्रक और कार की आमने सामने से हुई टक्कर में कार में आग लग गई।
उन्होंने बताया कि कार में सवार प्रयागराज निवासी विकास साहू (24), अंकित साहू (22), अखिल साहू (18), सत्यम साहू (22) और विवेक साहू (24) गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए तत्काल मेडिकल कॉलेज लाया गया। चिकित्सकों ने विकास और अंकित को मृत घोषित कर दिया।
सिंह ने बताया कि अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार सवार सभी पांचों व्यक्ति अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


